
आजमगढ़: जीयनपुर स्थित स्पा सेंटर पर पुलिस-चाइल्ड हेल्पलाइन का छापा, मचा हड़कंप
नाबालिग से मसाज और देह व्यापार की शिकायत जांच में निकली बेबुनियाद
आजमगढ़ जनपद के जीयनपुर क्षेत्र स्थित मोहम्मदाबाद-चुनुगपार मोड़ पर संचालित ‘विस्तारा स्पा सेंटर’ पर रविवार को पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 की संयुक्त टीम ने औचक छापेमारी की। कार्रवाई एक ग्रामीण द्वारा की गई शिकायत के आधार पर की गई थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि स्पा सेंटर में नाबालिग लड़कियों से मसाज कराई जाती है तथा स्पा की आड़ में देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। हालांकि जांच के दौरान ये आरोप सही नहीं पाए गए।
छापेमारी के दौरान मौके पर केवल दो कर्मचारी मिले। पुलिस टीम ने दोनों कर्मचारियों की उम्र की जांच की, जिसमें दोनों बालिग पाए गए। वहीं मौके से देह व्यापार अथवा किसी अन्य अनैतिक गतिविधि का कोई प्रत्यक्ष साक्ष्य भी नहीं मिला।
हालांकि निरीक्षण के दौरान स्पा सेंटर में कुछ कमियां जरूर सामने आईं। कर्मचारियों के पास मसाज कार्य से संबंधित कोई प्रशिक्षण प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं था। इसके अलावा आग जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक फायर सेफ्टी की व्यवस्था भी नहीं पाई गई।
चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 से जुड़े उपनिरीक्षक उमेश कुमार और संजय शाही के अनुसार, 25 अगस्त को प्राप्त शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई। टीम ने स्पष्ट किया कि स्पा सेंटरों एवं अन्य संस्थानों में नियमों के उल्लंघन या संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत मिलने पर जांच और वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
छापेमारी टीम में उपनिरीक्षक उमेश कुमार, संजय शाही, मोनी राय, हेड कांस्टेबल रामजन्म तथा प्रदीप पांडेय शामिल रहे।
V V NEWS
राजकुमार जायसवाल, पत्रकार


