श्री राधे सुविकाश्रम में श्रीराम नवमी महोत्सव आयोजित हुआ

श्री राधे सुविकाश्रम में श्रीराम नवमी महोत्सव आयोजित हुआ।
वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
श्रीरामचरितमानस ने पृथ्वी पर सदा मनुष्य का कल्याण किया है।
कुरुक्षेत्र, 6 अप्रैल : नगर के सैक्टर-7 स्थित श्री राधे सुविकाश्रम में रविवार को श्रीराम नवमी महोत्सव धूमधाम से संपन्न हुआ। इस मौके पर श्रीरामचरितमानस के पंचम सौपान संगीतमयी सुंदरकांड पाठ, भक्ति प्रवचन और भंडारे का आयोजन किया गया। आश्रम के संस्थापक एवं संचालक विनोद खुराना ने भगवान श्रीराम के व्यक्तित्व व आदर्शों का उल्लेख करते हुए कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम भारत के ही नहीं, अपितु पूरे विश्व के नायक हैं। मर्यादा पुरुषोत्तम के साथ-साथ उन्हें लीला पुरुषोत्तम भी कहा जाता है। श्रीराम कालजयी नायक हैं, युग बदलते रहेंगे, लेकिन उनकी श्रेष्ठता हमेशा बनी रहेगी। आज के युग में रामायण की प्रासंगिकता बताते हुए उन्होंने कहा कि श्रीरामचरितमानस ने इस पृथ्वी पर सदा से मनुष्य का कल्याण किया है, कर रही है और करती रहेगी। रामायण के एक-एक पात्र से हमें आदर्श जीवन, शिष्टाचार, सदाचार एवं आपसी भाईचारा कायम करने की शिक्षा मिलती है। रामायण से प्रेरित होकर ही राष्ट्रपिता महात्मा गांधी भारत में रामराज्य लाना चाहते थे। आज हमारे समाज को रामायण के पदचिन्हों पर चलने की बहुत आवश्यकता है। इसलिए मनुष्यों को धर्म का पालन करते हुए अपने कर्तव्य का निवर्हन करना चाहिए। प्रवचनों के पश्चात महिला श्रद्धालुओं ने कीर्तन करते हुए भजन सुनाए। श्री राम आरती में सुदर्शन खुराना, कपिल, पुजाली, सांची, वान्या, लायरा, रुचि, समीर, राजीव शर्मा, संजीव सचदेवा, आशा, पूनम,विमला, कांता, राकेश चोपड़ा, वीके अरोड़ा, सुरेश, नीलम, आरके सिक्का, सुदेश शर्मा, राजेंद्र शर्मा, कविता, प्रदीप गुप्ता,
और समृद्धि सहित अन्य मौजूद रहे।
पूजन करते हुए श्रद्धालु।