Uncategorized

सांसद नवीन जिन्दल की पहल पर फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया चलाएगा राष्ट्रीय ध्वज जागरूकता अभियान 2026

राष्ट्रीय ध्वज जागरूकता अभियान के तहत पुराने ध्वजों को गरिमापूर्ण ढंग से नये स्वरूप में बदला जाएगा।
कुरुक्षेत्र से होगी शुरुआत, हरियाणा होते हुए पूरे देश में चलाया जाएगा जागरूकता अभियान।

कुरुक्षेत्र, (संजीव कुमारी) 8 जनवरी : सांसद नवीन जिन्दल की प्रेरणा और मार्गदर्शन में फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया द्वारा वर्ष 2026 में एक व्यापक राष्ट्रीय ध्वज जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य देशवासियों में तिरंगे के सम्मान, उसके सही उपयोग और राष्ट्रीय ध्वज संहिता के प्रति जागरूकता को बढ़ाना है। अभियान के तहत कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र से शुरुआत करते हुए हरियाणा और उसके बाद पूरे देश में पुराने हो चुके राष्ट्रीय ध्वज एकत्र किए जाएंगे और उन्हें विधिसम्मत, सम्मानजनक व गरिमापूर्ण तरीके से नए स्वरूप में बदला जाएगा, ताकि राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान हर स्तर पर सुनिश्चित किया जा सके।
फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मेजर जनरल असीम कोहली (सेवानिवृत्त) ने बताया कि वर्तमान में देशभर में स्थापित लगभग 700 विशालकाय तिरंगों में से 200 विशालकाय तिरंगे फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया द्वारा लगाए गए हैं। फाउंडेशन न केवल राष्ट्रीय ध्वज की स्थापना में अग्रणी भूमिका निभा रही है, बल्कि उसके संरक्षण, सम्मान और जन-जागरूकता को लेकर भी निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि सांसद नवीन जिन्दल ने आम नागरिकों को सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने का अधिकार दिलाने के लिए एक लंबी कानूनी लड़ाई लड़ी। लगभग 30 वर्ष पूर्व दिल्ली हाईकोर्ट से और 22 वर्ष पूर्व माननीय सुप्रीम कोर्ट से ऐतिहासिक निर्णय प्राप्त कर उन्होंने यह अधिकार आम नागरिकों को दिलवाया। इसके बाद करीब 20 वर्ष पूर्व उन्होंने नागरिकों को अपने परिधान पर राष्ट्रीय ध्वज लगाने का अधिकार भी सुनिश्चित कराया। इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाने और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति जन- जागरूकता बढ़ाने के लिए फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया की स्थापना की गई। राष्ट्रीय ध्वज जागरूकता अभियान 2026 के अंतर्गत कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में राष्ट्रीय सेमिनार, वर्कशॉप, पदयात्रा, कवि सम्मेलन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और जनसंवाद जैसे विविध आयोजन किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को तिरंगे के सम्मान, उसके नियमों और राष्ट्रभक्ति के सकारात्मक भाव से जोड़ा जाएगा। इसके बाद यह अभियान चरणबद्ध तरीके से पूरे हरियाणा प्रदेश और फिर देशभर में संचालित किया जाएगा।
मेजर जनरल कोहली ने बताया कि स्वतंत्रता के बाद ‘हर घर तिरंगा’ एक ऐतिहासिक अभियान रहा है, जिसके तहत करोड़ों तिरंगे पूरे देश में गर्व के साथ फहराए गए। उत्सवों के बाद कई राष्ट्रीय ध्वज पुराने या क्षतिग्रस्त हो जाते हैं, जबकि तिरंगा सदैव सम्मानित है। फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया ने देश में पहली बार यह पहल शुरू की है, जिसके तहत पुराने राष्ट्रीय ध्वजों को सम्मान और गरिमा के साथ एकत्र कर पर्यावरण के अनुकूल प्रक्रिया से उनका पुनर्नवीनीकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुराने तिरंगों का सम्मानपूर्वक निपटान कर उन्हें नया जीवन देना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। यह पहल न केवल राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान को बढ़ावा देगी, बल्कि देशवासियों में एकजुटता, जिम्मेदारी और राष्ट्रीय गौरव की भावना को भी और अधिक सशक्त करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
plz call me jitendra patel