बीबीपुर कलां के ग्रामीणों ने सांसद नवीन जिंदल के नाम सौंपा ज्ञापन

हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक दूरभाष – 94161 91877

जिंदल हाउस के दो कर्मचारियों को हटाने की मांग पर अड़े।
25 जून तक कार्रवाई नहीं होने पर जिंदल हाउस के सामने अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी।
जिंदल हाउस के अधिकारी धर्मवीर सिंह ने दिया आश्वासन, सांसद के निर्देशानुसार शीघ्र कार्रवाई का भरोसा।

कुरुक्षेत्र,12 जून : गांव बीबीपुर कलां में चल रहे विवाद ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। शुक्रवार को गांव के दर्जनों ग्रामीणों ने एकजुट होकर कुरुक्षेत्र लोकसभा सांसद एवं उद्योगपति नवीन जिंदल के नाम एक ज्ञापन जिंदल हाउस के अधिकारी धर्मवीर सिंह को सौंपा। ज्ञापन में ग्रामीणों ने जिंदल हाउस में कार्यरत बीबीपुर कला गांव के दो कर्मचारियों को जिंदल हाउस से हटाने और उनके परिजनों पर गांव में सांसद जिंदल के प्रभाव का दुरुपयोग करने, सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने तथा विभिन्न विवादों को बढ़ावा देने के आरोप लगाए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि 25 जून तक संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई कर हटाया नहीं गया तो गांववासी जिंदल हाउस के सामने अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने को मजबूर होंगे।
ग्रामीणों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि गांव निवासी आकाश राणा एवं विकास राणा, जो जिंदल हाउस में कार्यरत हैं, तथा उनके परिजन सुरेश राणा और आनंदपाल राणा सांसद नवीन जिंदल के नाम और प्रभाव का उपयोग कर गांव के लोगों पर दबाव बनाने का कार्य कर रहे हैं। ज्ञापन में कहा गया है कि संबंधित लोगों द्वारा प्रशासनिक अधिकारियों एवं पुलिस विभाग पर प्रभाव डालने का प्रयास किया जाता है, जिसके कारण ग्रामीणों में असंतोष और भय का वातावरण बना हुआ है।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में दावा किया कि पंचायत भूमि, लोगों की निजी संपत्तियों, सार्वजनिक रास्तों तथा खेतों की ओर जाने वाले मार्गों पर कब्जों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहे हैं। इन मामलों को लेकर पहले भी जिंदल हाउस प्रबंधन, प्रशासनिक अधिकारियों तथा पुलिस विभाग को शिकायतें दी जा चुकी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत भूमि से सफेदे के पेड़ काटकर बेचने और सार्वजनिक रास्तों पर कथित अवैध कब्जों के संबंध में प्रमाणों सहित शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि पंचायत के कार्यों में अनावश्यक हस्तक्षेप किए जाने के कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और गांव का सामाजिक माहौल खराब हो रहा है। ग्रामीणों ने सांसद नवीन जिंदल से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच करवाई जाए तथा जांच पूरी होने तक संबंधित कर्मचारियों की भूमिका की समीक्षा कर आवश्यक प्रशासनिक कदम उठाए जाएं।
ग्रामीणों ने यह भी मांग की कि पंचायत भूमि, लोगों के निजी संपत्तियों, सार्वजनिक रास्तों और अन्य विवादित स्थलों से जुड़े मामलों की स्वतंत्र जांच करवाई जाए। इसके अलावा पूर्व में दी गई शिकायतों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा करने और प्रभाव का दुरुपयोग कर ग्रामीणों को परेशान करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग भी की गई है।
ज्ञापन में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि यदि 25 जून तक संबंधित चारों व्यक्तियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई नहीं की गई और उन्हें जिंदल हाउस से नहीं हटाया गया, तो समस्त ग्रामवासी जिंदल हाउस के समक्ष अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे। ग्रामीणों ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी संस्था या संगठन का विरोध करना नहीं है, बल्कि गांव में शांति, भाईचारा और कानून व्यवस्था बनाए रखना है।
इस दौरान जिंदल हाउस के अधिकारी धर्मवीर सिंह ने ग्रामीणों से बातचीत की और उन्हें आश्वस्त किया कि उनका ज्ञापन सांसद नवीन जिंदल तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सांसद के निर्देशानुसार मामले की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। धर्मवीर सिंह के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांतिपूर्वक वहां से लौट गए, हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय सीमा तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो आंदोलन शुरू किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में नेत्रपाल राणा, रामकुमार, चरण राणा, मदन राणा, किरणपाल राणा, दिनेश कुमार, बचना राम वाल्मीकि, रैयत राम वाल्मीकि, राजकुमार वाल्मीकि, पूर्व सरपंच देवेंद्र राणा, राहुल, संजय राणा, कुलदीप राणा, राजेश दहिया (सरपंच पति) सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि वे गांव में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए न्यायपूर्ण कार्रवाई की अपेक्षा कर रहे हैं।
जिंदल हाउस के अधिकारी धर्मवीर सिंह को ज्ञापन सौंपते बीबीपुर गांव के लोग।

VV NEWS

राष्ट्रीय कार्यालय रमाकान्त पाण्डेय(गोपालपुरी) संरक्षक/संस्थापक ग्राम व पोस्ट- गोपालपुर (टावर) थाना व तहसील- मेहनगर जिला-आजमगढ़, उत्तर प्रदेश पिंन कोड़-276204 मोबाईल-9838825561,7054825561 हेंड कार्यालय/प्रशासनिक कार्यालय जितेंद्र पटेल (प्रमुख संपादक/प्रशासनिक संपादक) ग्राम व पोस्ट- 495668 थाना व तहसील-जांजगीर जिला-जांजगीर (छत्तीसगढ) पिंन कोड़-495668 मोबाईल-6265564514

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

निशानेबाज जसपाल राणा का निधन देश के लिए अपूरणीय क्षति : नवीन जिन्दल

Fri Jun 12 , 2026
सांसद नवीन जिन्दल ने प्रख्यात निशानेबाज जसपाल राणा के निधन पर शोक व्यक्त किया। कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक 12 जून : सांसद नवीन जिन्दल ने प्रख्यात निशानेबाज एवं द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित कोच जसपाल राणा के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि जसपाल राणा का असामयिक […]

You May Like

Breaking News

advertisement