
दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : मुख्य विकास अधिकारी देवयानी की अध्यक्षता में सघन अभियान तथा जिला एड्स रोकथाम एवं नियंत्रण समिति की बैठक आज विकास भवन सभागार में सम्पन्न हुई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने एचआईवी/एड्स की रोकथाम, बचाव, जागरूकता, जांच एवं उपचार से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की।
बैठक के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा एचआईवी/एड्स नियंत्रण एवं सघन जागरूकता अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए अधिक से अधिक लोगों तक जागरूकता एवं स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने पर जोर दिया। साथ ही निर्धारित गतिविधियों को समयबद्ध एवं प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए।
जिला क्षय रोग अधिकारी द्वारा सघन अभियान एवं एचआईवी/एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने अभियान के उद्देश्यों, एचआईवी की रोकथाम, समय से जांच, उपचार तथा संक्रमित व्यक्तियों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के संबंध में जानकारी दी। साथ ही अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संबंधित विभागों की सहभागिता एवं समन्वय की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा निर्धारित गतिविधियों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने एचआईवी/एड्स के प्रति जनसामान्य में जागरूकता बढ़ाने एवं लोगों तक सही जानकारी पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जाए।
बैठक के दौरान अधिक से अधिक लोगों की एचआईवी जांच सुनिश्चित करने तथा आवश्यकतानुसार संक्रमित व्यक्तियों को उपचार एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने पर विशेष बल दिया गया। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 विश्राम सिंह, जिला क्षय रोग अधिकारी, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, जेलर, दिशा स्टाफ, एन0ए0सी0पी0 के समस्त संबंधित कार्मिक सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।


