
अजमेर। ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह में दरगाह कमेटी द्वारा कराए जा रहे विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों को लेकर खादिम समुदाय ने गंभीर सवाल उठाए हैं। खादिमों का कहना है कि दरगाह परिसर में पहले से चल रहे कई विकास कार्य अभी तक अधूरे पड़े हैं, ऐसे में नए सौंदर्यीकरण कार्य शुरू करना उचित नहीं है।
खादिमों ने आरोप लगाया कि महफ़िलखाना के समीप स्थित सबीली गेट पर दरवाजा लगाने का कार्य कई महीनों से अधूरा पड़ा हुआ है। उनका कहना है कि दरगाह कमेटी पहले इस महत्वपूर्ण कार्य को पूरा करे, उसके बाद दरगाह के दूसरे नंबर गेट पर संदली गेट के सौंदर्यीकरण एवं निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया जाए।
दरगाह के गद्दीनशीन खादिम सैयद फखरे मोइन चिश्ती ने बताया कि उर्स के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में जायरीन दरगाह पहुंचते हैं। भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सबीली गेट का दरवाजा बंद कर आवागमन को नियंत्रित किया जाता है। उन्होंने कहा कि दरगाह कमेटी ने करीब सात महीने पहले इस गेट का दरवाजा हटाया था, लेकिन आज तक नया दरवाजा नहीं लगाया गया है।
खादिमों का कहना है कि यदि समय रहते अधूरे कार्य पूरे नहीं किए गए तो आगामी उर्स और अन्य अवसरों पर व्यवस्थाएं प्रभावित हो सकती हैं। उन्होंने दरगाह कमेटी से प्राथमिकता के आधार पर लंबित कार्यों को पूरा करने तथा जायरीनों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
इस मामले को लेकर खादिम समुदाय में नाराजगी देखी जा रही है और उन्होंने दरगाह कमेटी से जवाबदेही तय करते हुए शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है।


