
महंगाई और स्मार्ट मीटर के विरोध में बहुजन मुक्ति पार्टी का प्रदर्शन, चूल्हा जलाकर बनाई खिचड़ी

आजमगढ़। बहुजन मुक्ति पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष लाल बहादुर त्यागी के नेतृत्व में जिलाधिकारी कार्यालय परिसर के बाहर बढ़ती महंगाई, स्मार्ट मीटर और घरेलू गैस की कीमतों के विरोध में प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने चूल्हा जलाकर खिचड़ी बनाई और सरकार विरोधी नारे लगाए।

प्रदेश अध्यक्ष लाल बहादुर त्यागी ने कहा कि घरेलू गैस, पेट्रोल-डीजल और बिजली के बढ़ते दामों से आम जनता परेशान है। स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है। प्रदर्शनकारियों ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था समाप्त करने, घरेलू एवं कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम कम करने तथा पेट्रोल-डीजल की कीमतों में राहत देने की मांग की। पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस मौके पर एडवोकेट धर्मेंद्र चौहान, मंतोष चौहान, निर्मल यादव, दीपांकर कुमार, गुंजा यादव, शैलेश यादव, शकुंतला देवी, अभिमन्यु प्रधान यादि लोग उपस्थित रहे, इस मौके पर बड़ी संख्या में बहुजन मुक्ति पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

