
(पंजाब)फिरोजपुर 04 जुलाई [कैलाश शर्मा जिला विशेष संवाददाता]=
स्वदेशी जागरण मंच ने समाजसेवी एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सक्रिय कार्यकर्ता विपन गर्ग को जिला संयोजक का दायित्व सौंपा है। उनकी नियुक्ति की घोषणा जालंधर में आयोजित स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत विचार वर्ग के दूसरे दिन मंच के वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा की गई।
नियुक्ति के बाद विपन गर्ग ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वे पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि स्वदेशी जागरण मंच के उद्देश्य को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिले भर में व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जाएगा। स्कूलों, कॉलेजों, व्यापारिक संगठनों, उद्योग जगत तथा समाज के विभिन्न वर्गों के बीच स्वदेशी उत्पादों के उपयोग, आत्मनिर्भरता और भारतीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के संदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
विपन गर्ग ने कहा कि स्वदेशी अपनाना केवल आर्थिक आवश्यकता नहीं, बल्कि राष्ट्रहित और सामाजिक उत्तरदायित्व भी है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता देने और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उन्होंने इस दायित्व के लिए स्वदेशी जागरण मंच के अखिल भारतीय संगठक कश्मीरी लाल, पंजाब, हिमाचल प्रदेश एवं जम्मू-कश्मीर के संगठन मंत्री विनय कुमार, प्रांत संयोजक नेहा सेठी, प्रांत प्रचार प्रमुख अरुण बेरी तथा अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए उनके विश्वास पर खरा उतरने का भरोसा दिलाया।


