
पिपली, प्रमोद कौशिक/उमेश गर्ग 21 जुलाई : भारत विकास परिषद की कुरुक्षेत्र शाखा द्वारा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए आज गुलजारीलाल नंदा स्मारक स्थल पर वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष अभियान में नीम, पीपल, बरगद, जामुन और गुलमोहर जैसे पर्यावरण के अनुकूल पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि और परिषद के वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा विधिवत पौधारोपण के साथ हुई। इस अवसर पर परिषद के अध्यक्ष जय प्रकाश पंवार ने कहा कि वर्तमान समय में ग्लोबल वार्मिंग और प्रदूषण जैसी गंभीर समस्याओं से निपटने के लिए वृक्षारोपण ही एकमात्र प्रभावी उपाय है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का आह्वान किया।
परिषद के सदस्यों ने न केवल पौधे रोपे, बल्कि उनकी सुरक्षा के लिए ट्री-गार्ड लगाने और नियमित रूप से पानी देने का दायित्व भी लिया। इस पुनीत कार्य में स्थानीय निवासियों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों को पर्यावरण को स्वच्छ रखने और पॉलीथिन का उपयोग न करने की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर स्मारक की डायरेक्टर शुचिस्मिता, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय धरोहर के क्यूरेटर कुलदीप, भारत विकास परिषद के अध्यक्ष जय प्रकाश पंवार, पूर्व अध्यक्ष विजयंत बिंदल एवं कार्यक्रम संयोजक रमेश तिलक गुलाटी विशेष रूप से उपस्थित रहे।


