
दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : तहसील सदर बरेली थाना भोजीपुरा क्षेत्र के ग्राम कोढ़मपुर में आम रास्ते एवं तालाब पर किए जा रहे कथित अवैध निर्माण को हटवाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी (सदर) को शिकायती पत्र सौंपा।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के कुछ दबंगों द्वारा आम रास्ते एवं तालाब की भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण कराया जा रहा है, जिससे रास्ता संकरा होता जा रहा है और ग्रामीणों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही तालाब का स्वरूप भी प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी से मांग की है कि राजस्व विभाग की टीम से मौके का निरीक्षण कराकर आम रास्ते एवं तालाब को अवैध कब्जे से मुक्त कराया जाए। उनका कहना है कि रास्ते को चौड़ा कराया जाए ताकि लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सके तथा तालाब को कब्जा मुक्त कर उसका सौंदर्यीकरण कराया जाए, जिससे गांव के पर्यावरण और जल संरक्षण को भी बढ़ावा मिल सके। ज्ञापन देने वालों में अहिवरन लाल, मोहनलाल, मुनीब राजेश आदि ग्रामीण मौजूद रहे।
वहीं उपजिलाधिकारी सदर बरेली ने ग्रामीणों को मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।


